सोशल मीडिया में विधायक के भाषण से की छेड़छाड़, आपतिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र जोगिद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। सोशल मीडिया पर विधायक की छवि को धूमिल करने के लिए आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने पर मंडल भाजपा के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने स्थानीय पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई मांगी है।
चौंतड़ा, लडभड़ोल और जोगिंद्रनगर के मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रवीण कुमार, लक्की और संजय शर्मा ने कहा कि भाजपा विधायक प्रकाश राणा की छवि को खराब करने के लिए एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनके प्रसारित भाषण से छेड़छाड़ कर उनकी छवि का धूमिल करने का प्रयास किया है। इससे कार्यकर्ताओं को भी ठेस पहुंची है।
उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल ने कहा कि वह न्यायालय में मानहानि का दावा कर दो करोड़ रुपये हर्जाने की मांग उठाएंगे। वहीं, भाजपा विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि कुछ लोगों में बौखलाहट है। ऐसे में भ्रामक प्रचार कर शांतिप्रिय माहौल को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद