चैलचौक (मंडी)। शिकारी देवी और कमरूनाग धार्मिक स्थलों में अगर कोई शराब पीकर जाता है तो पुलिस उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी। पुलिस ने वाहनों में खचाखच भरकर जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी शुरू कर दी है। पुलिस दोनों धार्मिक स्थलों को जाने वाले वाहन चालकों की अल्कोहल सेंसर से जांच करेगी। अगर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंदिर ले जाने और लाने वाले वाहन चालक शराब के नशे में पकड़े गए तो उनका चालान काटकर भारी भरकम जुर्माना ठोका जाएगा।
प्रदेश में हो रहे हादसों को ध्यान में रखते हुए गोहर पुलिस ने यह अभियान शुरू किया है। चैलचौक जंजैहली और चैलचौक रोहांडा सड़क पर पुलिस ने अपने इस विशेष अभियान को लेकर नाकाबंदी शुरू की है। इन दिनों कमरूनाग और शिकारी देवी मंदिरों के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बहार है।
एसएचओ गोहर चांद किशोर ने बताया कि कुछ चालक शराब का नशा कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भरे वाहन चलाते हैं और इन्हें दुर्घटनाग्रस्त कर देते हैं। पुलिस ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। पुलिस धार्मिक स्थलों को जाने वाले हर वाहन चालक का निरीक्षण कर रही है।
पुलिस की इस पहल का क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया है। गर्मी के सीजन में शिकारी देवी और कमरूनाग में मेले लगने से हजारों लोग रोजाना दोनों धार्मिक स्थलों में पहुंच रहे हैं। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। जंजैहली से शिकारी देवी और रोहांडा से कमरूनाग के रास्ते के बीच कुछ चालक मंदिरा पान करते हैं, पुलिस को ऐसी शिकायतें भी मिली हैं। पुलिस ने ऐसे चालकों पर पैनी निगाह रखी है।