पधर (मंडी)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उरला के समीप हियुण गलू में टैक्सी कार और निजी बस में जोरदार टक्कर हो गई है। इससे कुछ देर के लिए उच्च मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। घटना में टैक्सी में सवार दो महिलाएं और एक युवती जख्मी हुई हैं, जिन्हें एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल पधर पहुंचाया गया।
जानकारी अनुसार कुन्नू गांव के एक परिवार के सदस्य मनजीत कौर (37), रणजीत कौर (48), हरजिंदर कौर (18), गोबिंद सिंह और अमरजीत सिंह टैक्सी कार में सवार होकर जोगिंद्रनगर से घर लौट रहे थे। उरला के तालगहर स्थित हियूण गलू के पास तेज बारिश के बीच कार स्किड होकर विपरीत दिशा से आ रही निजी बस से टकरा गई।
इससे कार में सवार मनजीत कौर, रणजीत कौर और हरजिंदर कौर घायल हो गईं। उन्हें 108 एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल पधर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों महिलाओं को आंशिक चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के उपरांत घर भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर कार्रवाई अमल में लाने उपरांत बंद राजमार्ग को यातायात के लिए बहाल करवाया। इससे जाम में फंसे यात्रियों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस जांच जारी है।