आदित्य राज सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, कार्तिक दुग्गल सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर
डीएवी की राज्य स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट में विजेताओं को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। पड्डल मैदान में डीएवी की राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में क्लस्टर-एक की टीम विजेता बनी है। क्लस्टर दो उपविजेता रहा। इस वर्ग में क्लस्टर दो के आदित्य राज सिंह को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा उनके साथी कार्तिक दुग्गल को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अंडर-14 वर्ग में क्लस्टर-दो की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि क्लस्टर-छह उपविजेता रहा। क्लस्टर-दो के सरांश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी तथा मुकुल को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। अंडर-17 वर्ग में क्लस्टर-छह की टीम ने विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि क्लस्टर-दो उपविजेता रहा। इस वर्ग में क्लस्टर-दो के इशान ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और क्लस्टर-छह के आर्यवीर रांझा को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर घोषित किया गया। डीएवी राज्य स्तरीय फुटबाल टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हो गया।
समापन समारोह में नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, प्रतिभा और खेल भावना की सराहना की। डीएवी जमथल की प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य केएस गुलेरिया ने सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी।
000