खत्री सभा, यूथ विंग के साझा प्रयास से चलाया सफाई अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। खत्री सभा मंडी एवं यूथ विंग के साझा प्रयास से रविवार को मोक्षधाम और हनुमान घाट में स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर को साफ किया। अभियान में वीर मंडल, नगर परिषद के पार्षदों और स्वच्छता साथियों ने भी सहयोग किया। वीर मंडल संस्था के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि स्वच्छता अभियान में मोक्षधाम परिसर में फैले कूड़े-कचरे और लकड़ी के अवशेषों को झाड़ू और पानी की बौछारों से साफ किया।
स्वच्छता साथियों के सहयोग से हनुमान प्रतिमा तक जाने वाली सीढि़यों पर बिखरे कूड़े-कचरे को एकत्रित किया। सीढि़यों, प्रतिमा, शिवलिंग और ब्यास के आसपास घास और फेंके गए कूड़े-कचरे को एकत्रित किया।
वीर मंडल अध्यक्ष ने कहा कि हनुमान घाट के श्मशानघाट में शव दहन भट्ठियां क्षतिग्रस्त हो रही हैं। ईंटों से बनी भट्ठियों की मरम्मत के लिए शीघ्र ही पंजाब से रेत और मिट्टी मंगवा कर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। इस अभियान में स्थानीय पार्षद निर्मल वर्मा, अलकनंदा हांडा, धीरज टंडन, खत्री सभा से डॉ. नरेश वैद्य, रविकांत, मोहिंद्र पाल आदि मौजूद र हे। संवाद