मंडी के पड्डल मैदान में प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम का डिजाइन दिखाते सदर विधायक अनिल शर्मा।
मंडी। सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि मंडी शहर के पड्डल मैदान में केंद्र सरकार के खेलो इंडिया अभियान के तहत इंडोर स्टेडियम बनाने का प्रयास किया जाएगा। स्टेडियम का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। जल्द ही डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार के माध्यम से केंद्र को भेजा जाएगा।
मंडी में आयोजित पत्रकारवार्ता में अनिल शर्मा ने कहा कि इनडोर स्टेडियम का अनुमानित बजट 28 से 30 करोड़ होगा। इसमें केंद्र सरकार की तरफ से 20 से 22 करोड़ की मदद मिल सकती है। स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन को खेल विभाग के नाम करवा दिया है। प्रदेश सरकार के पास बजट नहीं था तो उन्होंने विधायक निधि से इसके लिए 15 लाख देकर कार्य करवाया है। अनिल शर्मा ने बताया कि स्टेडियम के दो तल प्रस्तावित हैं। इंडोर स्टेडियम में 12 टेबल टेनिस कोर्ट, 5 स्क्वैश कोर्ट, 10 मीटर शूटिंग रेंज, 3 बास्केटबाल कोर्ट, 3 वॉलीबाल, 12 बैडमिंटन कोर्ट प्रस्तावित हैं।
भाजपा नेता हिमांशु शर्मा ने बताया कि ऊपरी तल पर बहु उपयोगी हाल का इस्तेमाल शिवरात्रि में देवी-देवताओं को एक ही छत के नीचे विराजने के लिए बनाया गया है। विधायक अनिल ने कहा कि राजनीति झूठ से नहीं बल्कि सच्चाई से की जाती है। हवा में बातें करने वाले नेता बताएं कि बजट आखिर कहां आया है। कहा कि आर्थिक रूप से प्रदेश सरकार त्रस्त है। गारंटी पूरी नहीं हो पाएंगी। हालात यह है कि ट्रेजरी से धनराशि रिलीज नहीं हो पा रही हैं। मंडी बाईपास में पार्किंग के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि आई है। नगर निगम को जगह अपने नाम करने के लिए कहा गया है। यहां 400 वाहनों की पार्किंग उपलब्ध करवाई जा सकती है।