मंडी। द्रंग व नाचन क्षेत्र के युवाओं को अब उच्च शिक्षा के लिए अपने घर से दूर नहीं जाना पड़ेगा। अपने घर के निकट ही युवा विभिन्न डिग्री व डिप्लोमा कोर्स की पढ़ाई कर सकेंगे। सरदार पटेल विश्व विद्यालय इस शैक्षणिक सत्र से पधर व बासा स्थित अपने कैंपस में विभिन्न पाठ्यक्रमों को शुरू करने जा रहा है।
विश्वविद्यालय की यह सौगात दूरदराज क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी राहत होगी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के नए कैंपस बासा व पधर में इस शैक्षणिक सत्र से गतिविधियां शुरू होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन दोनों कैंपस में सात डिग्री, डिप्लोमा कोर्स की इस सत्र से पढ़ाई शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रवेश परीक्षा व मेरिट बेस पर होने वाले विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा कोर्स की दोनों कैंपस में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इन दोनों कैंपस में प्रवेश परीक्षा के आधार वाले डिग्री कोर्स एमएससी फिजिक्स, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी बॉटनी, एमएससी जूलाजी, एमएसीए, एमए हिस्ट्री व एमबीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
इसके अलावा मेरिट बेस पर संचालित होने वाले डिग्री, डिप्लोमा कोर्स में एमएससी एनवारयन्मेंट साइंस, एमएससी इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, एमए पब्लिक एड तथा बीएससी-एमएससी इंटेग्रेटिड फिजिक्स की कक्षाएं भी विश्वविद्यालय के मंडी तथा पधर व बासा कैंपस में शुरू की जा रही हैं। विश्वविद्यालय को दोनों कैंपस हाल ही में मिले हैं। पहली बार इन कैंपस में कक्षाएं शुरू होंगी।