नौ सितंबर को हमीरपुर में होगा बोर्ड कार्यालय का घेराव : भूपेंद्र
....
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। सीटू से संबद्ध मनरेगा एवं निर्माण मजदूर यूनियन ने 9 सितंबर को हमीरपुर स्थित राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के घेराव का एलान किया है। इसे सफल बनाने के लिए यूनियन ने सोमवार से पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
जिला प्रधान एवं पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि बोर्ड ने पिछले चार साल से 1.31 लाख मजदूरों की लगभग 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता गैरकानूनी तरीके से रोकी हुई है। बोर्ड के पास वर्तमान में 1300 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध है। यह राशि सरकार से नहीं बल्कि 1996 में बने कानून के तहत निर्माण कंपनियों पर लगाए गए एक प्रतिशत सेस से आती है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बोर्ड में करीब 4.5 लाख मजदूर पंजीकृत हैं। मजदूरों के लाभ रोक दिए गए हैं। यूनियन का आरोप है कि बोर्ड के चेयरमैन और सचिव मुख्यमंत्री के इशारे पर सहायता राशि रोक रहे हैं। यूनियन ने चेताया कि यदि लंबित राशि तुरंत जारी नहीं हुई तो 9 सितंबर के बाद आंदोलन और तेज किया जाएगा। रैली की तैयारी के तहत पंचायत स्तर पर वार्ड कमेटियों का गठन किया गया है। चोलथरा पंचायत के करयाल वार्ड की प्रधान बनिता कुमारी, सुनीता उपप्रधान, सपना सचिव और राजकुमारी व मंजू को सदस्य बनाया गया। इसके अलावा दीघो वार्ड, मंगलेहड़ वार्ड, कोठी वार्ड की कमेटी बनाई गई। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूनियन अगले 15 दिनों में सभी ग्राम पंचायतों में जाकर मजदूरों के साथ संवाद व जनसंपर्क करेगी। संवाद