जोगिंद्रनगर (मंडी)। वन मंडल जोगिंद्रनगर में दस्तावेज सत्यापन पूरे होने के बाद मेरिट के आधार पर वन मित्रों की नियुक्ति होगी। वन परिक्षेत्र टिक्कन, उरला, जोगिंद्रनगर, धर्मपुर, लडभड़ोल और कमलाह की कुल 56 बीटों में वन मित्रों की नियुक्ति की जाएगी। पात्रों के दस्तावेज एसडीएम कार्यालय में जांचे जा रहे हैं।
वन मंडल जोगिंद्रनगर के एसीएफ अश्वनी कुमार ने बताया कि जोगिंद्रनगर वन परिक्षेत्र में 12, टिक्कन और धर्मपुर में 8-8, लडभड़ोल, कमलाह की नौ-नौ बीटों के अलावा उरला बीट में 10 वन मित्रों की तैनाती की जाएगी। दस्तावेजों का सत्यापन उपमंडलाधिकारी मनीश चौधरी की मौजूदगी में किया जा रहा है।
शुक्रवार को लडभड़ोल, उरला और जोगिंद्रनगर बीट के छूटे अभ्यर्थियों के दस्तावेज जांचे जाएंगे। वन मंडलाधिकारी जोगिंद्रनगर कमल भारती ने कहा कि वन मंडल जोगिंद्रनगर में 56 बीटों पर वन मित्रों की नियुक्ति होगी। एसडीएम कार्यालय में दस्तावेजों के सत्यापन की जांच की जा रही है। इसके बाद इनकी नियुक्ति मेरिट के आधार पर की जाएगी।