मंडी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हिमाचल प्रदेश को आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा के लिए आभार जताया है।
कहा कि प्रधानमंत्री का प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना और पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना प्रकट करना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि हिमाचल केवल एक राज्य नहीं, बल्कि उनका अपना परिवार है। कहा कि जब प्रधानमंत्री ने इस आपदा में अपने पूरे परिवार को खो चुकी एक मासूम बच्ची को गोद में उठाकर दुलार किया तो यह दृश्य हर हिमाचली के हृदय को छू गया। यह प्रधानमंत्री की संवेदनशीलता और करुणा का प्रमाण है।
वह न केवल राहत पैकेज देते हैं, बल्कि दुख की घड़ी में व्यक्तिगत रूप से साझा भी करते हैं। कहा कि प्रदेश सरकार बार-बार यह आरोप लगाती है कि केंद्र हिमाचल की मदद नहीं कर रहा, जबकि सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है। केंद्र सरकार लगातार प्रदेश को आर्थिक सहायता और विशेष पैकेज उपलब्ध करा रही है, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार उस धनराशि का सही उपयोग करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार राहत व पुनर्वास कार्यों की बजाय इन फंड्स को वेतनमान और अन्य गैर-जरूरी खर्चों में झोंक रही है। संवाद