पंचायत और बूथ स्तर पर कमेटियां गठित करने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
लड़भड़ोल (मंडी)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार के लिए कार्य कर रही है। महंगी निजी कोचिंग पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से प्रदेश में सीबीएसई पैटर्न के स्कूल खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही लड़भड़ोल में भी सीबीएसई पैटर्न का एक स्कूल शुरू किया जाएगा।
शुक्रवार को गोरा विश्राम गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में जीवन ठाकुर ने संगठन सृजन अभियान की जानकारी दी। बताया कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर प्रदेशभर में पंचायत अध्यक्षों और बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और मजबूत बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता का आनंद लेने के बजाय व्यवस्था परिवर्तन को प्राथमिकता दी है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने दूध, हल्दी, गेहूं और मक्की पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू किया है, जिससे प्रदेश की बड़ी ग्रामीण आबादी को लाभ मिल रहा है।