हनोगी टनल में अग्निशामक यंत्र से छिड़काव करते युवक। -स्रोत : वीडियो ग्रैब
मंडी। हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से आ रहे बाइक सवारों द्वारा हुड़दंग मचाने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में हणोगी टनल के अंदर अग्निशामक यंत्र से बाइक पर छिड़काव करने का वीडियो वायरल होने के बाद मंडी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मंडी पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में यह केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 14 मार्च की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो 18 मार्च को वायरल हुआ है। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया। सोशल मीडिया के माध्यम पुलिस के पास भी जब यह वीडियो पहुंची तो इसके आधार पर जांच शुरू की गई। इसके बाद औट थाना पुलिस ने जांच शुरू की। मंडी पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें जांच में शामिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि मंडी से कुल्लू के बीच टनलों में आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र लगाए गए हैं। मगर युवकों ने अग्निशामक यंत्र का दुरुपयोग कर इसका वीडियो बनाया, जो वायरल हो गया। पुलिस ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
हनोगी टनल में अग्निशामक यंत्र से छिड़काव करते युवक। -स्रोत : वीडियो ग्रैब