मंडी। ड्रंक एंड ड्राइव मामले में पकड़े एक युवक की थाने में पिटाई के आरोप पर सदर पुलिस थाना मंडी के तीन पुलिस कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपी कर्मचारियों की पहचान अनिल, पंकज और हंसराज के रूप में हुई है। ये सभी हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल पद तैनात हैं। मामले में पुलिस ने भी युवक के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है। घटना करीब पांच दिन पहले की है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना पुलिस ने वाहनों की जांच को लेकर नाका लगाया था। इस दौरान भ्यूली के एक युवक की गाड़ी को भी रोका गया। गाड़ी के दस्तावेज मांगे तो वह दिखा नहीं पाया। नशे में भी लग रहा था। पुलिस कर्मचारियों ने युवक से एल्को सेंसर में फूंक मारने का आग्रह किया, लेकिन वह अड़ गया। गाड़ी के दस्तावेज न होने पर इसे जब्त कर लिया गया। युवक को सदर थाना ले गए। इस दौरान युवक और पुलिस कर्मियों के बीच बहसबाजी हुई। नशे के सेवन की पुष्टि के लिए युवक का पुलिस ने मेडिकल करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में युवक के नशे का सेवन होना बताया गया है।
घटना के बाद युवक ने पिटाई के आरोप लगाकर पुलिस अधीक्षक मंडी के पास शिकायत पत्र सौंपा था। इसमें आरोप लगाया था कि थाने में पुलिस जवानों ने उसके साथ मारपीट की। मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस ने युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में नियमानुसार जांच जारी है।
...
युवती को छर्रे लगने का मामला : फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मंडी। सरकाघाट की टिक्कर पंचायत के खठोगण गांव में गोली के छर्रे लगने से जख्मी हुई युवती के मामले में सोमवार को मंडी से फाेरेंसिक जांच टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। इस दौरान वहां पड़े सामान के सैंपल भी लिए गए। आरोपी पुलिस कर्मचारी के घर से बंदरों को भगाने के लिए बनाई जुगाड़ू बंदूक को भी टीम ने कब्जे में लिया है। मामले में आरोपी पुलिस जवान के परिजनों से भी पूछताछ की गई है। शुरुआती जांच में यह सामने नहीं आया है कि आखिर गोली किसने चलाई है। मामले में पुलिस ने माता-पिता की शिकायत पर हेड कांस्टेबल मनोज पर मामला दर्ज किया है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि मंडी से आई फोरेंसिक जांच टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की नियमानुसार जांच की जा रही है।