उपायुक्त अपूर्व देवगन ने पड्डल मैदान से किया शुभारंभ
.......................
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस समारोह का शुभारंभ उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंगलवार को पड्डल मैदान से किया। उन्होंने कार बिन बैग स्थापना एवं सघन आईईसी अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।
उपायुक्त ने बताया कि सघन आईईसी अभियान 12 अक्तूबर तक चलेगा। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस अभियान 31 अगस्त तक आयोजित होगा। इसमें जिले के सभी रेड रिबन क्लब, सरकारी विभाग, गैर-सरकारी संगठन और युवक मंडल सक्रिय रूप से भाग लेंगे। अभियान की शुरुआत में उपायुक्त ने विशेष कार बिन बैग लगाए और स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सभी का सहयोग आवश्यक है, जिसमें कूड़ा-कचरा प्रबंधन सबसे अहम है।
इस दौरान 52 टैक्सियों में विशेष कार बिन स्थापित किए गए। कार बिन बैग पर एक ओर एचआईवी, एड्स से संबंधित जानकारी और दूसरी ओर क्षय रोग मुक्त प्रदेश का संदेश अंकित किया गया है, ताकि सफर के दौरान भी लोग स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक रह सकें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश ठाकुर और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरिंदम उपस्थित रहे। संवाद