चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बुधवार को नगवाईं अस्पताल के समीप एक कार
दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे कार में सवार महिला की मौत हो गई। वहीं बच्चे
समेत चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के
कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतक महिला के परिजनों
को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार
बुधवार को कार सवार पांच लोग सुंदरनगर से शाढाबाई की ओर जा रहे थे। नगवाईं
अस्पताल के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई।
हादसे में कार
में सुंदरनगर के जरल गांव निवासी शीला देवी (35), पति विद्या सागर, ढाई साल
का बच्चा, कमला देवी और विमला देवी सवार थे। शीला देवी के सिर में गंभीर
चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं ढाई साल के बच्चे और तीन लोगों को
मामूली चोटें आई है। कमला देवी पत्नी रूप सिंह हादसे में घायल हो गई। जिसे
उपचार के लिए नगवाईं अस्पताल ले जाया गया है।
औट थाना प्रभारी
लोकेंद्र नेगी ने बताया कि हादसे में महिला शीला देवी की मौत हुई है। पुलिस
ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर
से कानूनगो औट मस्त राम, पटवारी हल्का नगवाईं हेम सिंह व शांति लाल ने
बताया कि मृतका के परिजनों को प्रशासन की ओर से दस हजार तथा घायल को दो
हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।