थुनाग (मंडी)। ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए प्रशासन ने ठोस पहल शुरू कर दी है। थुनाग उपमंडल की सभी पंचायतों में वार्ड स्तर पर विशेष नशा निवारण समितियों का गठन किया जाएगा। इन समितियों का उद्देश्य समुदाय में जागरूकता फैलाना होगा। समितियों के माध्यम से नशे की लत से ग्रसित व्यक्तियों को सही मार्गदर्शन देने तथा नशे से संबंधित अन्य समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के सहयोग से जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम कार्यालय में मंगलवार को नशा निवारण के उपायों को लेकर विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इसमें नशे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इससे मुक्ति पाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। एसडीएम रमेश कुमार ने अधिकारियों और समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की है। संवाद