मंडी। जोनल अस्पताल मंडी में हड्डी रोगियों के ऑपरेशन के लिए लगी सी आर्म मशीन लंबे अरसे से खराब पड़ी है। इस कारण मरीजों को ऑपरेशन के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल प्रबंधन मशीन को ठीक नहीं करवा पा रहा है।
करीब एक वर्ष पूर्व मशीन को संबंधित कंपनी के इंजीनियरों ने ठीक किया था, लेकिन मशीन पुरानी होने के चलते यह दोबारा खराब हो गई। अब अस्पताल पहुंच रहे हड्डी रोगियों, विभिन्न दुर्घटनाओं में गंभीर घायल मरीजों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर रहे हैं।
अधिकांश मरीज निजी अस्पतालों में ही ऑपरेशन करवाने के लिए मजबूर हैं। एक्सरे मशीन की तरह सी आर्म मशीन रियल टाइम इमेजिंग प्रदान करती है। यह ऑपरेशन में सहायक होती है। इससे डॉक्टर ऑपरेशन के दौरान हड्डियों और जोड़ों को देख सकते हैं। टांग, बाजू सहित शरीर के अन्य हिस्सों में स्क्रू, प्लेट और रॉड आदि को मशीन की मदद से ही आसानी से डाला जाता है।
...
केस-1
पवन कुमार निवासी कोटली का कहना है कि उनके हिप बॉन में फेक्चर हुआ है।चिकित्सक ने स्क्रू डालने को कहा था, लेकिन मशीन खराब होने से उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।
केस - 2
लीला देवी निवासी बिजणी, मंडी ने बताया कि उनकी टांग में फ्रेक्चर होने पर प्लेट डाली जाएगी। जोनल अस्पताल में मशीन खराब है, इसलिए उन्हें नेरचौक जाना पड़ रहा है।
केस- 3
निगम निवासी जोगिंद्रनगर की सड़क दुर्घटना में टांग क्षतिग्रस्त हुई है, प्लेटें पड़नी है, पांच दिन से अस्पताल में उपचाराधीन होने पर उन्हें नेरचौक रेफर किया है।
-
हड्डी रोग विभाग की तरफ से मशीन खराब होने की जानकारी नहीं मिली है। कुछ समय पूर्व ही मशीन को ठीक करवाया था। यदि मशीन दोबारा खराब हुई है तो चिकित्सकों से जानकारी लेकर मशीन को ठीक करवाया जाएगा।
-डाॅ. धर्म सिंह वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, जोनल अस्पताल मंडी
0000