जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की नोहली और ब्यूंह पंचायत के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दोनों पंचायतों में चल रहे पेयजल संकट से जलशक्ति विभाग ने निजात दिलाई है। करीब 21 किलोमीटर पेयजल लाइन को दुरुस्त कर नोहली और ब्यूंह पंचायतों के गांवों में पेयजल सप्लाई सुचारु कर दी है। सोमवार को ट्रायल हुआ था। मंगलवार को लोगों के नलों में पानी आना शुरू हो गया।
इन दोनों पंचायतों की करीब छह हजार आबादी लाभान्वित होगी। दशकों पुरानी पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त हो जाने से नोहली और ब्यूंह पंचायतों में भीषण जलसंकट गहरा गया था। लोगों के विरोध के बाद टैंकरों से सप्लाई दी गई।
मुद्दे को अमर उजाला ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद जलशक्ति विभाग ने करीब 21 किलोमीटर यानी बधोनीधार (पंचोडीनाला) से कन्यादेवी तक पेयजल लाइन को दुरुस्त किया। अब पानी कन्यादेवी गांव में स्थित जलशक्ति विभाग के करीब दो लाख लीटर की क्षमता वाले जल भंडारण टैंक में पहुंचेगा। यहां से चरणबद्ध तरीके से नोहली और ब्यूंह पंचायत की करीब छह हजार की आबादी को पेयजल मिलेगा।
..................
पेयजल आपूर्ति करवाने के लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सप्ताहभर दिन रात काम किया। सहायक अभियंता सूक्ष्म नाग समेत करीब पचास कर्मचारियों की टीम ने 21 किमी लाइन की मरम्मत में अहम भूमिका निभाई। सोमवार को पाइपलाइन की टेस्टिंग सफल रही है। मंगलवार को आपूर्ति सुनिश्चित कर दी है।
-योगेश कपूर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग जोगिंद्रनगर