दोनों भाइयों के बैंक खातों को फ्रीज करेगी पुलिस, संपत्तियों की होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। थाना जोगिंद्रनगर के तहत चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दोनों भाइयों के बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया पुलिस ने शुरू कर दी है। नशे से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जाएगी। जोगिंद्रनगर के कन्या स्कूल के समीप एक घर में फल-फूल रहे नशे के काले कारोबार का पर्दाफाश करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उनकी कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ऑनलाइन भुगतान के बजाय नकद लेन-देन के जरिये नशे की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। पुलिस को इसकी भनक लगने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस उनकी नशे से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है। जोगिंद्रनगर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि नशा तस्करों की अवैध संपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चिट्टे की बड़ी खेप कहां से लाई गई थी, इस बारे में आरोपियों से पूछताछ जारी है। शनिवार को पुलिस ने दोनों सगे भाइयों के घर से करीब दो लाख रुपये की कीमत के 11.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इसके अलावा दो वेटिंग मशीनें और सिल्वर फॉयल के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं। आरोपी मनीष बख्शी (35) और विक्रम बख्शी (47), निवासी वार्ड नंबर पांच, कन्या पाठशाला के समीप, जोगिंद्रनगर के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि तीन दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आरोपियों को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि चिट्टा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा कर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।