Now licence to keep Spear, lance and sword
- फोटो : demo
सरकाघाट (मंडी)। घरेलू विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े पर तलवार से वार करके उसके दोनों हाथों की नसों को काट दिया है। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान गुस्साए छोटे भाई ने तलवार उठाकर बड़े के सिर पर वार करने की कोशिश की। हमले से बचने के लिए बड़े भाई ने दोनों हाथ सिर पर रखे। जिससे उसके दोनों हाथों की नसें कट गईं। हमले में गंभीर रूप से जख्मी बड़े भाई का हमीरपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। जख्मी भाई की हालत नाजुक बनी हुई है। दो सगे भाइयों में हुए खूनी संघर्ष से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बड़े भाई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायत में बड़े भाई ने कहा है कि उसके छोटा भाई ने रात भर उसे और उसके परिवार को अभद्र गालियां दीं। सुबह 7 बजे के करीब बड़े भाई भूमि चंद ने छोटे को गालियां देने से मना किया। लेकिन, वह नहीं माना। दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। बहसबाजी के दौरान छोटा भाई आपा खो बैठा। उसने घर के अंदर से तलवार निकाल कर बड़े भाई के सिर पर वार कर दिया। हमले से बचने के लिए भूमि चंद ने अपने दोनों हाथ सिर पर रखे। जिससे तलवार से दोनों हाथों की नसें कट गईं। जख्मी भूमि चंद को परिजनों ने तुरंत नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया। यहां पर तैनात डाक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। भूमि चंद की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे हमीरपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। डीएसपी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।