उपमंडल की द्राहल पंचायत के नागनाला के समीप जंगल में नवजात बच्ची मिली है। वीरवार देरशाम दो लोगों को द्राहल के समीप ये नवजात बच्ची मिली है। नवजात को उपचार के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल में दाखिल किया गया है। बस्सी पुलिस मामले की जांच कर रही है। नवजात बच्ची को कौन और कब छोड़ गया?
इसके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है। पत्थर तोड़ कर जीवन बसर करने वाले बीड़ निवासी बबलू ने पुलिस को बताया कि वह तथा उसका साढू विजय द्राहल में पत्थर तोड़ने का काम करते हैं। बीती रात को वह दोनों मकरीड़ी से सब्जी लेकर पैदल आ रहे थे तो नागनाला के पास जंगल में उन्होंने नवजात के रोने की आवाजें सुनीं।
मौके पर जाकर देखा तो नवजात को रुमाल में लपेट कर कोई फेंक गया था। दोनों ने उसे उठाया और किराये के मकान में ले आए। उन्होंने इस बात की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने नवजात को स्वास्थ्य लाभ के लिए जोगिंद्रनगर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। इधर, एएसपी मंडी केसी राणा ने बताया कि अज्ञात लोगों के विरुद्घ आईपीसी की धारा 317 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है।