द्रंग कांग्रेस कमेटी की सचिव हैं युवती की मां बंदना ठाकुर
मां ने बताया -कुछ समय से डिप्रेशन की दवा ले रही थी बेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। पधर बाजार में किराये के कमरे में रह रही वकील युवती का शव बुधवार शाम पंखे से लगाए फंदे से लटका मिला। घटना के समय युवती घर में अकेली थी। दूसरे कमरे में छोटा भाई था। जबकि उसकी मां किसी काम से लोक निर्माण विभाग के कार्यालय गई थीं। शाम करीब 5:30 बजे जब वह वापस कमरे में पहुंचीं तो बेटी को फंदे से लटका देखकर उनके होश उड़ गए। फंदा काटकर युवती को नीचे उतारा गया और उपचार के लिए पधर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान दिवांशु ठाकुर पुत्री कपूर चंद निवासी गांव बीर धीयूं तुंगल तहसील सदर जिला मंडी के रूप में हुई है। दिवांशु ने चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई की थी और अधिवक्ता थीं। वह अपनी मां बंदना ठाकुर के साथ पधर बाजार में किराये के क्वार्टर में रह रही थी। पुलिस को दिए बयान में मृतका की मां ने बताया कि बुधवार दोपहर भोजन के बाद वह बेटी के साथ क्वार्टर में आराम कर रही थीं। करीब तीन बजे बेटी को बताकर वह किसी काम से बाजार चली गईं। शाम करीब 5:30 बजे लौटीं तो दिवांशु को फंदे से लटका पाया।
मां ने पुलिस को बताया कि दिवांशु कुछ समय से डिप्रेशन की दवा ले रही थीं और अस्वस्थ चल रही थीं। दिवांशु की मां बंदना ठाकुर द्रंग कांग्रेस कमेटी की सचिव हैं। शव का अंतिम संस्कार मंडी के हनुमान घाट में किया गया। उधर, एसपी विनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। मौत के सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होंगे।