जोगिंद्रनगर की पिपली पंचायत की रणा खड्ड के ऊपर बना फुट ब्रिज, जहां अब 85 मीटर लंबा स्पैन पुल का
जोगिंद्रनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत पिपली की रणा खड्ड में आठ करोड़ की लागत से भरमेरा पुल का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग ने डीपीआर तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी है। पुल का निर्माण होने से द्रुब्बल नौहली, ब्यूंह, कुठेहड़ा पंचायत के हजारों ग्रामीण लाभान्वित होंगे। स्वीकृति मिलने पर 85 मीटर स्पैन पुल का निर्माण होगा।
पिपली पंचायत के कुराटी, बड्ढू के साथ लगते भरमेरा गांव में पुल बनने से बनवार रोपा, नौहली ब्यूंह के लोगों को भी पिपली, द्रुब्बल और कुठेहड़ा पंचायत में पहुंचने के लिए आसानी होगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेपी नायक ने बताया कि रणा खड्ड में भरमेरा पुल के निर्माण को लेकर विभाग ने करीब आठ करोड़ की डीपीआर तैयार की है।
पुल बनने से पिपली, द्रुब्बल, कुठेहड़ा पंचायत के ग्रामीणों को मंडी जाना आसान रहेगा। महज 20 से 25 किलोमीटर का सफर तय कर ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंच जाएंगे। उधर कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने कहा कि रणा खड्ड पर भरमेरा पुल के निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अक्तूबर 2024 में जोगिंद्रनगर प्रवास में की है। संवाद