नगर परिषद जोगिंद्रनगर की मासिक बैठक में भाग लेते कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीएम और पार्षद।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर शहर में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण का विशेष ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए नगर परिषद करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये खर्च करेगी। यह निर्णय वीरवार को आयोजित मासिक बैठक में लिया गया। इसका खाका भी तैयार हो गया है।
बैठक में बताया गया कि नगर परिषद के सभी वार्डों में एक समान विकास को तवज्जो दी जा रही है। करीब 90 लाख के टेंडर ऑनलाइन हो चुके हैं। वार्ड चार स्थित नगर परिषद की एकमात्र गांधी वाटिका को सुंदर बनाने के लिए 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
वार्ड के सभी रास्तों को कंकरीट और टाइल्स से चकाचक किया जाएगा। नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। भवन निर्माण, पानी और बिजली के अनापत्ति प्रमाणपत्रों को भी जल्द वार्डवासियों को सौंपने के प्रस्ताव मासिक बैठक में पारित हुए। नगर परिषद की मासिक बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने की।
इस दौरान नगर परिषद की अध्यक्ष ममता कपूर, उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने कहा कि सभी वार्डों में वाहनों की पार्किंग पर भी चर्चा हुई। इस पर पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में जगह चिन्हित करने का आश्वासन दिलाया। वार्ड पांच में करीब पांच करोड़ से बनने जा रही बहुमंजिला पार्किंग के निर्माण पर शहरी निदेशक विभाग से बजट पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक में मनोनीत पार्षद राजीव सूद, सुरेश गोस्वामी, अजय सकलानी, नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता शशि भूषण, सीनियर असिस्टेंट बलवंत कुमार भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। संवाद