एसपीयू इंटर-कॉलेज खो-खो चैंपियनशिप में दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय सराज लंबाथाच में आयोजित तीन दिवसीय इंटर-कॉलेज खो-खो चैंपियनशिप-2026 का वीरवार को समापन हुआ। समापन समारोह में चेत राम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय बासा ने प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि वल्लभ राजकीय महाविद्यालय (वीजीसी) मंडी उपविजेता रहा। तीसरे स्थान के लिए हुए कड़े मुकाबले में जीसी कुल्लू ने मेजबान सराज लम्बाथाच को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग में राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय जोगिंदरनगर ने धमाकेदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि एमएलएसएम सुंदरनगर की टीम दूसरे स्थान पर रही। वहीं तीसरे स्थान के मुकाबले में जीसी कुल्लू ने सराज लम्बाथाच को पराजित कर कांस्य पदक (तीसरा स्थान) अपने नाम किया।