बलेसर पतन पुल का जारी निर्माण कार्य। संवाद
- फोटो : सदर तहसील में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते लेखपाल संघ के अध्यक्ष संजय व अन्य पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित बलेसर पत्तन पुल के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तय समय सीमा के भीतर आगे बढ़ रहा है। विभाग ने पुल का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। इस तरह 2027 में यह सौगात जनता को मिलेगी।
पुल के तैयार होने के बाद धर्मपुर और जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्रों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दोनों क्षेत्रों के बीच लगभग 15 से 20 किलोमीटर की दूरी कम होगी। इससे समय की बचत के साथ परिवहन और आर्थिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी।
निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की बात करें तो पुल की एबटमेंट पूरी तरह तैयार हो गई है। कुल 16 पाइल में से 12 तैयार हो गई हैं। शेष 4 पाइल का कार्य जारी है। अन्य निर्माण गतिविधियां चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही हैं। विभागीय टीम नियमित रूप से साइट का निरीक्षण कर रही है।
स्थानीय लोगों वीरेंद्र, तनुजा, पूनम, सुरेंद्र ने कहा कि पुल बनने से वर्षों पुरानी परिवहन समस्या का समाधान होगा और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। कहा कि जोगिंद्रनगर के लांगणा क्षेत्र का सीधा आवागमन धर्मपुर और बहरी इलाके में इस पुल के बनने से संभव हो पाएगा। मौजूदा समय में एक पुल कोठी पत्तन में है, लेकिन यह पुल धर्मपुर और जोगिंद्रनगर हलके के बीच नई संभावनाएं खोलेगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग धर्मपुर के अधीक्षण अभियंता प्रमोद कश्यप ने कहा कि प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप काम की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अब तक हुई प्रगति निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक है।
000