धर्मशाला। बैजनाथ से सुबह 4:40 बजे चंडीगढ़ के लिए चलने वाली बस चार महीने बाद वीरवार से शुरू हुई लेकिन अगले ही दिन शुक्रवार को यह रूट फेल कर दिया। बैजनाथ से तो यह बस शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ के लिए गई जरूर, पर वहां से लौटी नहीं। बैजनाथ से वाया सुलह आने वाली यह बस बहुत बड़े चंगर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। प्रबंधन में कमजोरी के चलते दशकों पुराना यह रूट फेल होने की कगार पर है। हर दिन इस रूट को फेल करने के लिए बैजनाथ डिपो के पास कोई न कोई बहाना होता है।
लोगों सुरेश शर्मा, प्रदीप कुमार और वीरेंद्र ने कहा कि वाया नादौन-अंब होकर जाने वाली बस का रूट एचआरटीसी के बड़े कामयाब रूटों में शामिल रहा है। पता नहीं क्यों इस रूट को हर बार शिकार बनाया जा रहा है। सारी बरसात और उसके बाद आधी सर्दी बीत जाने के बाद शुरू हुआ यह रूट दूसरे दिन ही फेल होना चर्चा का विषय है। कुछ सवारियां चार बजे चंडीगढ़ से इस बस के चलने का इंतजार करती रहीं लेकिन बस नहीं आई। अंतत: यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। बैजनाथ के क्षेत्रीय प्रबंधक शशांक धीमान ने कहा कि किसी अन्य रूट की बस खराब होने के कारण यह रूट चंडीगढ़ से स्थगित करना पड़ा लेकिन शनिवार से यह शिकायत नहीं आएगी।