बग्गी पंचायत में बेटी की शादी पर शगुन देते पंचायत प्रधान विकास गुप्ता।
गोहर (मंडी)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी की बग्गी पंचायत ने एक अनूठी पहल शुरू की है। पंचायत प्रधान विकास गुप्ता ने पंचायत में बेटी की शादी पर शगुन देने का फैसला लिया है। यह शगुन 2100 रुपये रहेगा और इसे किसी भी वर्ग की बेटी की शादी पर दिया जाएगा।
बीते शुक्रवार को ग्राम पंचायत बग्गी के वार्ड नंबर तीन में तुलसी के बेटी की शादी पर प्रधान घर पहुंचे और 2100 रुपये शगुन देकर योजना का आगाज किया। इस मौके पर परिजनों ने खुशी जाहिर की और शगुन देने के लिए पंचायत प्रधान विकास गुप्ता का आभार जताया।
हिमाचल में मंडी जिला की बग्गी पहली पंचायत है जिसके प्रधान ने पहल करते हुए बेटी को सम्मान स्वरूप यह परंपरा शुरू की। विकास गुप्ता ने कहा है कि बेटी अनमोल रत्न होती है और बेटियों के लिए जितना हो सके उतना करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि जब तक वह प्रधान हैं तब तक उनकी पंचायत की बेटियों को वह शगुन बतौर 21 सौ रुपये देते रहेंगे।