मंडी जिले के औट क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झलोगी के पास नाकाबंदी के दौरान कसौली निवासी युवक को 3.066 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब चरस के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
मंडी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 3.066 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई झलोगी (द्वाड़ा फ्लाईओवर) के पास नियमित वाहन जांच के दौरान की गई।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, थाना औट की टीम क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.066 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर निवासी कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना औट में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
पुलिस आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग करेगी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।