जोगिंद्रनगर (मंडी)। श्री रामलीला मंचन में बाहरी राज्य के कलाकारों को भी अधिमान मिलेगा। मंगलवार को रामलीला मैदान में ध्वजारोहण कर समिति के अध्यक्ष पंकज ठाकुर ने बताया कि रामलीला के पारंपरिक प्रदर्शन में नए दृष्टिकोण और कलात्मक प्रदर्शन के लिए प्रदेश और बाहरी राज्य के कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। 22 सितंबर को रामलीला मैदान में श्री रामलीला के मंचन के लिए 100 से अधिक कलाकारों को अभिनय के लिए तैयार किया जा रहा है। इसमें मंडी, कांगड़ा जिले के कलाकारों की रिहर्सल भी शुरू कर दी है।
रामलीला मंचन के निर्देशक सचिन सूद, चंदन चौहान ने बताया कि नए कलाकारों को देखने के लिए दर्शक भी उत्सुक होते हैं। दो अक्तूबर को दशहरा उत्सव भी रामलीला मैदान में मनाया जाएगा। इसमें रंग बिरंगी आतिशबाजी और प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, सीता की झांकियां निकाली जाएंगी। इस मौके पर श्री रामलीला मंचन के मुख्य कलाकार साहिल वालिया, संजय कुमार, विशाल शर्मा, सुरेंद्र कुमार, निकेश सूद, राजेश पाल मौजूद रहे। संवाद