जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में गणेश महोत्सव की सातवीं भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक कुमार विक्की ने भजनों से माहौल भक्तिमयी कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों में झूमते रहे। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में देवा ओ देवा गणपति देवा, हे गजानंन पधारो और गणपति वंदना सहित अन्य भेंटों और भजनों से हाजिरी भरी।वहीं, रामलीला मैदान में सजे गणपति पंडाल में भजन गायक अजीत और संजीव सुकोश ने खूब धमाल मचाया। कलाकारों की ओर से निकाली गई शंकर-काली की झांकियां लोगों के लिए मुख्य आकर्षण रही। वहीं, भट्ठा में सजे पंडाल में भी कलाकारों ने देर रात तक धूम मचाई। सातवीं भजन संध्या में अन्नपूर्णा सेवा समिति के अध्यक्षा अनिता नारंग ने अपने सहयोगी पदाधिकारी अशोक सूद के साथ पंडाल में शिरकत कर गणपति की महाआरती उतारी।
अपनत्व सेवा समिति के अध्यक्ष हरीश बहल और कार्यकर्ता भास्कर गुप्ता, रमन बहल भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। वहीं, चौंतड़ा में चल रहे गणपति महोत्सव में भी श्रद्धालुओं ने खूब धमाल मचाया। इस अवसर पर गणपति सेवा समिति के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरीश सोनी, सचिन सूद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।