मंडी कॉलेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देती छात्राएं।स्रोत संस्थान
मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के कन्या छात्रावास परिसर में 56 नवागंतुक छात्राओं के स्वागत के लिए वरिष्ठ छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस नए बैच के प्रवेश के साथ ही छात्रावास की कुल छात्रा क्षमता बढ़कर 157 हो गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य वार्डन डॉ. मोनिका पंचानी उपस्थित रहीं। वहीं, वार्डन डॉ. बनिता सकलानी ने भी शिरकत की। नवोदित छात्राओं ने रैंप वॉक, नृत्य और कविता पाठ के जरिये अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि वरिष्ठ छात्राओं ने गिद्दा, समूह नृत्य, संगीत और नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस सफल आयोजन की कमान हॉस्टल प्रेफेक्ट्स रचना, मेनका, हिरिल और श्रेया के हाथों में रही।
प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर निर्णायक मंडल में डॉ. राधिका जामवाल, डॉ. माधवी जोशी, डॉ. विपाशा कश्यप और डॉ. हेमलता ने विजेताओं का चयन किया। पीजी वर्ग में एमए राजनीति विज्ञान की स्नेहा मिस फ्रेशर चुनी गईं, जबकि इशू एमए अंग्रेजी और इंदु एम कॉम उपविजेता रहीं। यूजी वर्ग में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की अर्चिता ने मिस फ्रेशर का खिताब जीता। खुशी बीएससी और इशानी बीए रनर-अप रहीं। प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार, मुख्य वार्डन डॉ. मोनिका पंचानी और वार्डन डॉ. बनिता सकलानी ने सभी विजेता और प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी।