कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर हराबाग में कुल्लू से चंडीगढ़ जा रहा सेब से भरा कैंटर तीखे मोड़ पर अनिय
सुंदरनगर (मंडी)। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर सुंदरनगर के हराबाग में सोमवार सुबह सेब से भरा कैंटर तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
कैंटर कुल्लू से सेब लेकर चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। हराबाग के पास तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कैंटर सड़क की दूसरी तरफ पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर सेब बिखर गए और कैंटर के पलटने से फोरलेन पर यातायात प्रभावित हो गया। कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही सिंगल लेन से करवाई गई।
हादसे में कैंटर को काफी नुकसान पहुंचा है जबकि उसमें लदे सेब भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सूचना मिलने के बाद सुंदरनगर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालते हुए सड़क से कैंटर हटाने और यातायात बहाल करने की कार्रवाई की। घायलों की पहचान धीरू कुमार साहू (34) निवासी गांव सुखवाह जिला सतना और पवन कुमार बुनकर (20) निवासी गांव गाहिरा तहसील हुजूर मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। सुंदरनगर के डीएसपी भारतभूषण ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।