प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी में सेब उत्पादक संघ ने केंद्र सरकार की कृषि नीतियों के विरोध में बुधवार को उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाया।
प्रदर्शन के दौरान किसान सभा राज्य कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका, यूरोपीय संघ और न्यूजीलैंड के साथ किए जा रहे द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौतों में भारतीय किसानों और बागवानों के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि ऐसे समझौतों के माध्यम से देश के अन्नदाताओं के भविष्य को विदेशी ताकतों के हाथों सौंपा जा रहा है।
वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण किसान और बागवान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन समझौतों को तुरंत रद्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में यदुनंदन राय, प्रकाश चंद, डोर सिंह और देवेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय बागवान और किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि समझौतों की समीक्षा कर उन्हें रद किया जाए, ताकि भारतीय कृषि को विदेशी कंपनियों के दबाव से बचाया जा सके।