जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में पीलिया संक्रमित नवजात शिशुओं के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एक और शिशु विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किया है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज से प्रतिनियुक्ति के आधार पर उपमंडलीय अस्पताल में डॉ. अजय अपनी सेवाएं देंगे।
ओपीडी नंबर 205 में पहले दिन उन्होंने 100 से अधिक बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान पीलिया के संक्रमण से ग्रस्त बच्चों को आवश्यक उपचार और एहतियात बरतने का भी आह्वान किया है।
विज्ञापन
इस नियुक्ति से मरीजों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को जोगिंद्रनगर अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों में लक्षण होने पर हेपेटाइटिस ए के टेस्ट भी सरकारी और निजी प्रयोगशाला में करवाए। इस दौरान करीब 150 मरीजों के अलग-अगल प्रकार के 1500 से अधिक टेस्ट भी अस्पताल की सरकारी और निजी प्रयोगशाला में हुए। सरकारी प्रयोगशाला के प्रभारी विरेंद्र कुमार, निजी क्रस्ना लैब की प्रभारी सरिता ठाकुर ने बताया कि छोटे बच्चों के टेस्ट परीक्षण के दौरान पीलिया के लक्षण पाए गए हैं।
सात दिन बाद भी बहाल नहीं हुईं एक्सरे सेवाएं
पीलिया की दहशत के बीच नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर की कुछ आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं हांफ गई हैं। इस कारण उपचार के लिए पहुंच रहे मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। डिजिटल एक्सरे सेवाएं सात दिन बाद भी बहाल नहीं हो पाई हैं। मरीजों को निजी क्लीनिकों में मनमाने दाम चुकाकर एक्सरे करवाने पड़ रहे हैं।