एक अन्य युवक ने मंडी शहर में गाली-गलौज और हाथापाई करने का लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहरी पुलिस चौकी प्रभारी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा के पास एक और शिकायत पहुंची हैं। इसमें एक अन्य युवक ने चौकी प्रभारी पर गाली-गलौज और हाथापाई करने का आरोप लगाया है। चौकी प्रभारी के खिलाफ यह तीसरी शिकायत आ चुकी है। ऐसे में उनके तबादले को लेकर भी अंदरखाते मंथन शुरू हो गया है। हालांकि सबसे पहले उजागर हुए मामले में पुलिस ने जांच बिठाई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पुलिस कोई कदम उठा सकती है।
वीरवार को विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी साक्षी वर्मा से मिला और उन्हें मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से युवक अश्वनी ने आरोप लगाया है कि 13 सितंबर को इंदिरा मार्केट के साथ बाइक खड़ी करने के बाद उनके साथ सिटी चौकी प्रभारी ने नाजायज गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। बाइक सफेद लाइन के अंदर पार्क की थी। युवक का आरोप है कि थोड़ी देर में सिटी चौकी प्रभारी वहां पहुंचे और बाइक को सफेद लाइन से बाहर निकाल दिया। जब उनसे पूछा तो बहसबाजी की। यह सारी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है। युवक का आरोप है कि बाद में उसे सिटी चौकी बुलाया गया। उसके भाई और उसके साथ हाथापाई और गाली-गलौज की गई। वहीं, एसपी साक्षी वर्मा ने युवाओं को आश्वस्त किया कि मामले का गंभीरता से अन्वेषण किया जाएगा।
बॉक्स
पीड़ित पवन की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
सबसे पहले सामने आए पीड़ित पवन की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पवन ने भी शहरी पुलिस प्रभारी पर उन्हें कई थप्पड़ मारने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में चौकी प्रभारी मनोज ने भी सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न करने को लेकर आगामी कार्रवाई के लिए अदालत से अनुमति मांगी है। यह मामला सामने आने के बाद इंदिरा मार्केट के एक व्यापारी ने भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप चौकी प्रभारी मनोज पर लगाया है। इस तरह कुल तीन मामले सामने आए हैं।
बॉक्स
फिलहाल शुरू नहीं हो पाई जांच
चौकी प्रभारी की ओर से मारपीट के आरोप की जांच पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी पधर को सौंपी है। फिलहाल वे इस मामले में अभी तक जांच शुरू नहीं कर पाए हैं, लेकिन तीन शिकायतें सामने आ चुकी हैं। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने कहा कि जल्द मामले में जांच पड़ताल कर रिपोर्ट बनाई जाएगी।