संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। गोड़ा गागल वार्ड-24 में भारतीय जनता पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पार्टी से नाराज़ तीन कार्यकर्ताओं ने बगावत करते हुए चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है और अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। जानकारी के अनुसार कुलदीप नेगी, डिंपल सैनी और वीरेंद्र कुमार ने वार्ड-24 से नामांकन भरकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। स्थानीय स्तर पर इसे पार्टी में भीतरघात और टिकट वितरण को लेकर असंतोष से जोड़ा जा रहा है।
कुलदीप नेगी ने बताया कि वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं और विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनका कहना है कि उन्होंने टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन पार्टी ने किसी अन्य विचारधारा से जुड़े व्यक्ति को प्रत्याशी बना दिया। उन्होंने इसे पैराशूटी उम्मीदवार बताते हुए कहा कि ऐसे निर्णय से जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपील की है कि इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाए और समर्पित कार्यकर्ताओं को उनका उचित अधिकार दिया जाए। साथ ही संगठन में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने की मांग भी की है।