एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संगठन ने बैठक कर बनाई रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संगठन मंडी इकाई की बैठक वरिष्ठ नागरिक भवन मंडी में हुई। इसकी अध्यक्षता इकाई चेयरमैन केडी अवस्थी ने की। बैठक में पेंशनरों ने रोष जताया कि प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन की ओर से पेंशनरों को पेंशन का भुगतान नहीं किया जा रहा।
संगठन प्रधान अनूप कपूर ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की ओर से इसके बारे में कई बार मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, वित्त सचिव, परिवहन सचिव एवं प्रबंधक निदेशक से भेंट कर पेंशनरों की समस्याओं, पेंशन भुगतान और लंबित बिल भुगतान निवारण के लिए ज्ञापन सौंपे। इसके बाद भी सरकार और निगम प्रबंधन पेंशनरों की सुध नहीं ले रहे हैं।
पेंशनर कल्याण संगठन के महासचिव रोशन लाल कटोच ने बताया कि प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन जानबूझकर परिवहन निगम के नौ हजार के करीब पेंशनरों से सौतेला व्यवहार कर प्रताड़ित कर रहे हैं। इससे पेंशनरों में सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति भारी रोष है। बताया कि इन सभी परिस्थितियों को लेकर 11 अगस्त को बिलासपुर जिले में पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्णय लिया कि अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर अक्तूबर में संगठन शिमला मुख्यालय पर सरकार और प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगा। इस अवसर पर पेंशनर कल्याण संगठन के सुरेश चंद्र, लेख राज, बलवंत, तेज सिंह, जैदेव, बलवीर, यादवेंद्र, प्रकाश चंद आदि पेंशनर मौजूद रहे। संवाद