थुनाग (मंडी)। सराज विकास खंड की ग्राम पंचायत रोड़ के भनवास गांव में मंगलवार शाम अस्थायी पुलिया पार करते समय गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग के सिर पर चोटें आई थीं।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम 5:00 बजे पूर्ण चंद (63) निवासी भनवास बाजार से लौटते वक्त रोड़ खड्ड पर बनी लकड़ी की अस्थायी पुलिया से फिसलकर खड्ड में जा गिरे। तेज बहाव में लगभग 100 मीटर तक बहने से पत्थरों से टकराकर उनके सिर में गहरी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने मानव शृंखला बनाकर उन्हें खड्ड से निकाला और सिविल अस्पताल जंजैहली पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।30 जून की आपदा में पूर्ण चंद के भाई सुरेंद्र की मकान ढहने और मलबे में दबने मौत हो चुकी है। परिवार में अब उनके बड़े भाई पूर्ण चंद की मौत होने से परिजनों सहित गांव में शोक की लहर है। 30 जून की आपदा में घासणू बाजार में मकान ढहने से मलबे में दबकर सुरेंद्र की जान गई थी।
ग्रामीणों का आक्रोश अब प्रशासन की लापरवाही पर फूट रहा है। आपदा के बाद बनाई लकड़ी की अस्थायी पुलिया हादसे का कारण बनी, जिसमें दोनों ओर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगी है।
स्थानीय निवासी रोहित ठाकुर ने मांग की है कि रोड़ खड्ड पर तुरंत स्थायी और सुरक्षित पुल बनाया जाए। उधर, थाना प्रभारी जंजैहली राम कृष्ण ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच जारी है।
888