पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हरियाणा रोडवेज के चालक धर्मवीर सिंह ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर को दिल्ली से मनाली जाते समय अलसू, बिलासपुर में एक यात्री नूर माही से कहासुनी हो गई। बाद में पुलघराट मंडी के पास नूर माही ने किसी को फोन कर बुलाया। आरोप है कि वहां टिपर बस के आगे खड़ा कर रास्ता रोक दिया गया। टिपर से आए दो लोगों में से एक ने लोहे की रॉड से बस की अगली खिड़की का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद तीनों ने चालक और परिचालक से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देने के साथ गाली-गलौज की।
इधर, नूर माही ने पुलिस को दी शिकायत में हरियाणा रोडवेज के चालक-परिचालक पर मारपीट का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 15 सितंबर को वह कीरतपुर से बस में सवार हुआ और कनैड जाने के लिए टिकट मांगा, लेकिन कनैड का टिकट नहीं मिलने पर नेरचौक का टिकट लिया। नेरचौक पहुंचने पर बस नहीं रोकी गई। आरोप है कि कनैड में उतरने की बात कहने पर चालक, परिचालक और एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसने अपने टिप्पर चालक रफीक को बुलाया। पुलघराट पहुंचने पर दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ। नूर माही ने मारपीट में पीठ, कंधे और टांग में चोट लगने की बात कही है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।
घास काटने से रोकने पर मुंडी काटने की धमकी
मंडी। सदर मंडी के चांबी में केहर सिंह ने दिनेश कुमार पर उसकी जमीन से घास काटने से रोकने पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। शिकायत में उनका कहना है कि 12 सितंबर को दिनेश कुमार उसकी मलकीयत भूमि से घास काट रहा था। रोकने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे मुंडी काटने और बंदूक से उड़ाने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।