आज से बंद होगा काम, गुस्साए ठेकेदारों ने प्रबंधन को दी चेतावनी, डयोड में आए थे कंपनी के अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। बकाया राशि भुगतान न होने पर ठेकेदारों ने वीरवार को शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी अधिकारियों का घेराव कर दिया। कंपनी अधिकारी डयोड में धंसाव का मुआयना करने के लिए पहुंचे थे। इसी बीच ठेकेदारों ने भी यहां मोर्चा खोल दिया। इसी के साथ पंडोह बाईपास प्रोजेक्ट पर शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी की ओर से किए जा रहे सारे काम को शुक्रवार से पूरी तरह से बंद करने का एलान कर दिया। प्रोजेक्ट में काम कर रहे ठेकेदारों ने बकाया राशि भुगतान न होने पर रोष जताया।
ठेकेदार रोहित कुमार, वरूण, अनिल कुमार, महेश कुमार, आनंद कुमार, देवेंद्र कुमार, अमित कुमार, राजेंद्र कुमार, राजकुमार, गगन कुमार एवं अन्यों ने बताया कि वे पिछले करीब डेढ़ वर्षों से राशि के लिए तरस रहे हैं। इस कारण डयोड के पास टनल का निर्माण कार्य भी रुका हुआ है। कंपनी प्रबंधन को बार-बार कहने के बाद भी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। करीब 50 ठेकेदारों की 50 करोड़ के लगभग देनदारी है।
ठेकेदारों का कहना है कि शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी ने पहले ठेकेदारों को 15 सितंबर तक एफकॉन्स कंपनी को भुगतान करने की बात कही थी। इसे बाद में 17 सितंबर तक बढ़ा दिया गया, लेकिन जब 17 सितंबर को भी एफकॉन्स कंपनी को शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी की तरफ से भुगतान नहीं किया गया तो अब कंपनी प्रबंधन से मिलकर शुक्रवार से काम को बंद करने की चेतावनी दे दी है।
बता दें कि पंडोह बाईपास टकोली प्रोजेक्ट में दो कंपनियों के बीच पेमेंट को लेकर आपसी विवाद चल रहा है। उधर, ठेकेदाराें से बातचीत के दौरान शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी के टीम लीडर आदर्श पन्होत्रा ने बताया कि पेमेंट के विवाद को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। उच्च स्तर पर इसका समाधान होने पर ठेकेदारों को बकाया राशि भुगतान कर दिया जाएगा।