डैहर (मंडी)। जड़ोल युवक मंडल की ओर से आयोजित जड़ोल प्रीमियर लीग (जीपीएल)-6 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब ऑल टाइम किंग इलेवन जड़ोल ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने शीतला माता क्रिकेट टीम को 13 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में आल टाइम किंग इलेवन जड़ोल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 74 रन बनाए। टीम की ओर से मनीष वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 29 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं, चमन सिंह ने 17 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 26 रन का योगदान दिया। वह रन आउट हुए। 75 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शीतला माता क्रिकेट टीम निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 61 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रिंकी ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। इस तरह ऑल टाइम किंग इलेवन जड़ोल ने 13 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। टीम की इस शानदार जीत में सुरेंद्र गुलेरिया के ऑलराउंड प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। टूर्नामेंट के समापन समारोह में जड़ोल व्यापार मंडल के प्रधान रवि ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए 2,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। वहीं, जड़ोल पंचायत के प्रधान यशपाल शर्मा ने 1,100 रुपये की सहयोग राशि देकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान विजेता ऑल टाइम किंग इलेवन जड़ोल को व्यापार मंडल प्रधान रवि ठाकुर की ओर से 11,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं, उपविजेता शीतला माता क्रिकेट टीम को 5,100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।