मंडी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर 20 फरवरी को जिले में 3021 आंगनबाड़ी केंद्रों और 2744 पाठशालाओं में बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी के सभागार में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि पहले चरण में अगस्त 2024 में जिला स्तरीय कृमि मुक्ति दिवस की सफलता दर 99.4 प्रतिशत रही, जो सराहनीय है।
जिले में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,48,520 बच्चे हैं। इन्हें अब दूसरे चरण में 20 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
कहा कि कोई भी बच्चा नहीं छूटना चाहिए। एल्बेंडाजोल दवा वर्ष में दो बार खिलाई जाती है। इसे 6 मास के अंतराल पर दिया जाता है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार भारद्वाज, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धर्म सिंह वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश शर्मा, लोक सिंह नेगी, स्वास्थ्य खंडों के प्रमुख और शिक्षा उप निदेशक आदि मौजूद रहे।
....
छूटे बच्चे को 27 फरवरी को खिलाई जाएगी दवा
किसी कारणवश छूटे बच्चे को यह गोली 27 फरवरी को खिलाई जाएगी। एक मार्च तक इसकी रिपोर्ट एएनएम के माध्यम से खंड स्तर तथा 2 मार्च तक जिला स्तर पर पहुंच जानी चाहिए। कार्यक्रम में दो से पांच वर्ष की आयु के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोली के अतिरिक्त विटामिन ए की खुराक भी पिलाई जाएगी।