सुंदरनगर (मंडी)। करसोग के दुर्गम क्षेत्रों में अफीम की खेती के बाद अब पुलिस ने निहरी क्षेत्र के सेरी कोठी पंचायत के कड़ेच गांव में दो खेतों में भांग के 11 हजार पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके पर ही भांग की खेती को नष्ट कर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। भांग के 20 पौधे फोरेंसिक जांच के लिए जुन्गा लैब को भेज दिए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में काले कारोबार मेें जुटे लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को क्षेत्र में अवैध भांग की खेती किए जाने की गुप्त सूचना फोन के माध्यम से मिली थी। जिस पर सलापड़ चौकी की पुलिस टीम चौकी प्रभारी एएसआई जीत सिंह की अगुवाई में वीरवार सुबह आठ बजे के करीब मौके के लिए रवाना हो गई।
पुलिस टीम सौट सड़क तक वाहन में सफर करने के बाद एक किमी का पैदल सफर करने के बाद कड़ेच गांव में करीब एक बजे पहुंची। गांव में पुलिस ने आरोपी पाली राम के दो खेतों से भांग के 6000 पौधे बरामद किए। वहीं, एक अन्य आरोपी ठाकुर दास के एक खेत से पुलिस ने 5000 भांग के पौधे बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान होने के बाद घर पर दबिश दी। लेकिन, आरोपी घर में नहीं मिले। पुलिस ने भांग के पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस दौरान पंचायत के कड़ेच गांव के वार्ड मेंबर मनोहर लाल और हलका पटवारी राजकुमार भी उपस्थित रहे। पुलिस दल में हेड कांस्टेबल टेक चंद, एचएचसी बृजलाल, सुरेंद्र कुमार और आरक्षी सीताराम, होमगार्ड फरसा राम शामिल थे। पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भांग की खेती में संलिप्त लोगों में खौफ है। उधर, एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।