सरकाघाट/टिहरा (मंडी)। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलएलयू) सरकाघाट इकाई का प्रथम सम्मेलन शुक्रवार को सरकाघाट में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अधिवक्ता सुरेश शर्मा ने किया। सम्मेलन में अधिवक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की।
सरकाघाट न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, पार्किंग सुविधा, महिला अधिवक्ताओं के लिए पृथक बार कक्ष, जूनियर अधिवक्ताओं को पांच हजार तक की वित्तीय सहायता तथा ज्यूडिशियल अकाउंटेबिलिटी अधिनियम और एडवोकेट प्रोटेक्शन अधिनियम को लागू करने की मांगों पर प्रस्ताव पारित किए। इन मांगों को लेकर आगामी दिनों में संबंधित अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, बार काउंसिल ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष और एसडीएम सरकाघाट को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
सम्मेलन के दौरान 17 सदस्यीय कमेटी का गठन किया। इसमें अधिवक्ता नेहा ठाकुर को अध्यक्ष चुना गया। महासचिव दिनेश कुमार, अजीत कुमार उपाध्यक्ष, अंजलि, राजू राम सह-सचिव, कुमार राघव कोषाध्यक्ष नियुक्त किए। तेज सिंह और सुरेश कुमार संरक्षक चुने गए। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं पवन कुमार, अजय, चमन लाल, विवेक चंदेल, ज्योति आदि मौजूद रहे।