ऑनलाइन माध्यम से पूरी होगी नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए नए छात्र-छात्राओं की दाखिला प्रकिया को संपूर्ण करने के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर पूरी तरह से तैयार है। नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया पिछले साल की तरह ही ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी।
धर्मपुर कॉलेज में इस समय कला, विज्ञान एवं वाणिज्य विषयों में स्नातक स्तर की शिक्षा प्रदान की जा रही है। यह कॉलेज नैक से संबंधित है और इसे बी ग्रेड हासिल है। कॉलेज में भूगोल विषय के अलावा अन्य सभी विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार अपने पसंदीदा विषयों का चयन कर सकते हैं। मौजूदा समय में धर्मपुर कॉलेज में नियमित प्राचार्य के अतिरिक्त 16 विषयों के प्राध्यापक सेवाएं दे रहे हैं। दफ्तर में अधीक्षक ग्रेड वन व ग्रेड टू, सीनियर असिस्टेंट और तीन क्लर्क उपलब्ध हैं। विज्ञान प्रयोगशालाओं में एक जेएलए और चार लैब परिचर सेवाएं दे रहे हैं। पुस्तकालय में दो सहायक, पुस्तकालय अध्यक्ष नियुक्त हैं, जो हमेशा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए तत्पर रहते हैं। इनके अतिरिक्त चतुर्थ श्रेणी के सभी पद भरे हुए हैं।
कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. रमेश चंद धलारिया ने बताया कि धर्मपुर काॅलेज इस उपमंडल के दूरदराज क्षेत्रों की बेटियों के लिए वरदान से कम नहीं है। यह ग्रामीण परिवेश में पले-बड़े विद्यार्थियों को आगे बढ़ने व उनके सपने सच करने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। हाल ही में बलद्वाड़ा कॉलेज में प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान धर्मपुर कॉलेज से चार विद्यार्थियों का चयन नामी कंपनियों में हुआ है।