बीएससी नर्सिंग, पैरा मेडिकल और बी फार्मेसी आयुर्वेद के लिए 30 मई तक कर सकेंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी नेरचौक की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों की 2,529 सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीटों की संख्या में इस साल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, बीएससी पैरा मेडिकल और बी फार्मेसी (आयुर्वेद) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 से 30 मई तक किए जा सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 11 जून (बुधवार) को सुबह व शाम को होगी। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से लगभग 1,600 सीटें बीएससी नर्सिंग, 600 सीटें पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, 200 सीटें एमएससी नर्सिंग, 89 सीटें बीएससी मेडिकल टेक्नोलॉजी और 40 सीटें बी फार्मेसी (आयुर्वेद) पाठ्यक्रम में भरी जाएंगी। सीटें सभी विश्वविद्यालय से संबद्ध सरकारी और निजी संस्थानों में उपलब्ध हैं।
उधर, अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. प्रवीण कुमार शर्मा ने बताया कि प्रॉस्पेक्ट्स एवं आवेदन लिंक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.amruhp.ac.in पर उपलब्ध हैं। पात्र अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आवेदन करने से पूर्व प्रॉस्पेक्ट्स को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि दिक्कतें पेश न आएं।