सुंदरनगर (मंडी)। मानसून में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रशासनिक तैयारियों को लेकर एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में बैठक हुई। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने कहा कि मानसून मौसम में भारी बारिश होने से नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से कदम उठाने के लिए तैयार रहें।
बताया कि मानसून मौसम में आपदा से निपटने और प्रशासन तक जानकारी उपलब्ध करवाने और सहायता मुहैया करवाने के लिए एसडीएम कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। कंट्रोल रूम 24 घंटे लोगों की सहायता और राहत के लिए खुला रहेगा।
एसडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को उपमंडल की सभी कूहलों, नालों की सफाई समय पर करवाने के भी निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन से संवेदनशील सड़कों पर जेसीबी आदि उपकरणों की तैनाती करवाई जाए। स्वास्थ्य विभाग को बरसात में विभिन्न बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाएं उपलब्ध करवाने, जल शक्ति विभाग को पेयजल टैंकों की सफाई करने आदि के भी निर्देश दिए। संवाद