सुंदरनगर (मंडी)। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को शिव सेना नेता की धमकी के बाद विश्व हिंदू परिषद ने केंद्र सरकार से अभिनेत्री को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग उठाई है। परिषद के अध्यक्ष लेखराज राणा ने कहा कि कंगना की जान को किसी भी प्रकार का कोई खतरा पैदा न हो, इसके लिए केंद्र सरकार कदम उठाए।
विश्व हिंदू परिषद ने रविवार को शुकदेव वाटिका में आयोजित बैठक में कंगना रनौत की ओर से बॉलीवुड के ड्रग कनेक्शन और आपराधिक षड्यंत्र रचने वाले अपराधियों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम की प्रशंसा भी की है। लेखराज राणा ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत को शिवसेना के नेता धमकी दे रहे हैं। इसका विश्व हिंदू परिषद ने कड़े शब्दों में निंदा की है। कंगना का जितना हक हिमाचल प्रदेश पर है, उतना ही हक मुंबई पर है। मुंबई कंगना की कर्मभूमि है।
उन्होंने कंगना की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि कंगना ने बॉलीवुड के ड्रग माफिया और भाई भतीजावाद के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत की सुरक्षा बढ़ाई जाए। इस मौके पर प्रांत सत्संग प्रमुख रमेश परमार, प्रांत समन्वयक प्रमुख शमशेर सिंह ठाकुर, बजरंग दल के नरेश वर्मा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
000