गोहर (मंडी)। ग्राम पंचायत परवाड़ा के टिकर गांव में शिकार के वक्त अचानक गोली चलने से हुई मौत के मामले में आरोपी को पुलिस ने बुधवार देररात गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी हेमराज को वीरवार को उपमंडलीय न्यायिक दंडाधिकाराी गोहर की अदालत में पेश किया गया। यहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक चेतराम आरोपी हेमराज के मामा का बेटा है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर पांच साथी शिकार के लिए गए थे।
इस दौरान हेमराज निवासी टिकर का अचानक पैर फिसला और बंदूक से गोली चल पड़ी। गोली चेतराम के घुटने के पास लगी। इससे वह लहूलुहान हो गया। उसे बगस्याड़ अस्पताल पहुंचाया जहां उसने दम तोड़ दिया। यह बंदूक बुजुर्गों की थी, जिसका लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस गहनता से घटना की जांच कर रही है। एसएचओ लाल चंद ठाकुर ने बताया कि आरोपी को तीन दिन का रिमांड मिला है। संवाद